बरवाला। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम बरवाला कार्यालय व उसके आसपास से बरसाती पानी की निकासी के उचित प्रबंध न होने के कारण कार्यालय को मौली मेन रोड पर गांव बतौड़ के पास किराए की बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया है।
बिजली कार्यालय के एसडीओ आशीष चोपड़ा ने कहा कि पिछले दिनों हुई बरसात के चलते बिजली कार्यालय में बरसाती पानी घुस गया था। इस कारण पुराना रिकॉर्ड भी खराब हो गया। इस कारण कार्यालय शिफ्ट किया गया है। वहीं, बिजली कार्यालय से पानी के निकासी के उचित प्रबंध न होने पर आशीष चोपड़ा ने कहा कि पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से कार्यालय के साथ बनाई गई सड़क के साथ जो नाला पानी निकासी के लिए बनाया गया है उसमें अभी तक पानी की निकासी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पीडब्ल्यूडी को कार्यालय के आसपास जमा बरसाती पानी की निकासी के लिए भी लिखा है, लेकिन अभी तक विभाग की ओर से पानी की निकासी के कोई उचित प्रबंध नहीं किए गए।