फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: गिद्दड़बाहा की 20 पंचायतों का चुनाव रद्द

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। पंजाब चुनाव आयोग ने श्री मुक्तसर साहिब के कस्बा गिद्दड़बाहा के 20 गांवों में पंचायत चुनाव को रद्द कर दिया है। राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया का रिकाॅर्ड चेक करने के बाद इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। आयोग ने कहा कि नाम वापसी में फर्जीवाड़े की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है, क्योंकि उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों पर साइन नाम वापसी फाॅर्म के साथ मैच नहीं हुए हैं। सरंपच पद के लिए लाइन में कई उम्मीदवारों को नाम वापसी की सूची में दिखा दिया गया है, जिससे उनका लोकतांत्रिक अधिकार छीना जा रहा है। यहां तक कि एक उम्मीदवार ने आयोग के समक्ष पेश होकर यहां तक कहा कि नाम वापसी फाॅर्म पर उनके साइन नहीं हैं। यही कारण है कि अनियमितताओं के चलते इन पंचायतों का चुनाव रद्द करने का फैसला लिया गया है। 15 अक्तूबर को पंचायत चुनाव है, इसलिए इन 20 पंचायतों के लिए नया चुनावी कार्यक्रम जारी किया जाएगा। शिरोमणि अकाली दल व कांग्रेस ने इन पंचायतों में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया था। यहां तक कि शिअद ने इस मामले में पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट का भी रुख किया था।
विज्ञापन

जिन पंचायतों का चुनाव रद्द किया गया है, उनमें अस्सा बुट्टर, दाद्दू मोहल्ला मल्लान, खीरकीयां वाला, वारा किशनपुरा, लोहारा, बुट्टर सरीह, कोठे हाजूरे वाले, कोठे ढाबा, कोठे केसर सिंह वाले, भरू, दौला, कोठे हिम्मतपुरा, भुंदर, लुंडेवाला, स्माघ, मन्नियां वाला, सेखा, खुन्नन खुर्द, माधिर, बुट्टर बखुआं शामिल हैं। आयोग ने कहा कि इन पंचायतों में चुनाव को लेकर शिकायत आई थी कि पहले कई उम्मीदवारों के नामांकन पेपर सही बताए गए, लेकिन फिर चुनाव चिह्न जारी करने के बाद भी नामांकनों को रद्द कर दिया गया।
उम्मीदवारों ने आरोप लगाया था कि संशोधित सूची में उनके नामांकनों को रद्द कर दिया गया, जबकि छंटनी के समय व पहली सूची में ये सही पाए गए थे। जिसके चलते ही उम्मीदवारों ने मामले में जांच करने के साथ ही उनके नामांकनों को स्वीकार करने की मांग की थी। इसके बाद ही आयोग ने मामले में ब्लॉक के 5 कलस्टरों के रिटर्निंग अधिकारियों के साथ ही जिले के संबंधित अधिकारियों को शामिल किया था। इसके बाद ही संबंधित अधिकारी आयोग के समक्ष पेश हुए और इस दौरान इन नामांकन प्रक्रिया का रिकाॅर्ड भी चेक किया गया।
विज्ञापन

जांच के दौरान गिद्दड़बाहा के लुंडेवाला गांव के निवासी मनवीर सिंह ने आयोग के समक्ष पेश होकर कहा कि उन्होंने अपने नामांकन पत्र वापस नहीं लिए हैं और वापसी फॉर्म पर भी उनके हस्ताक्षर नहीं हैं। इसके अलावा कई उम्मीदवारों ने कहा कि उनके विरोधी उम्मीदवारों को सर्वसम्मति से विजेता घोषित कर दिया गया, जबकि उन्होंने नामांकन दाखिल किया था। रिटर्निंग अधिकारी ने नाम वापसी की जानकारी भी उनसे छुपाई।

पंजाब के किसी व्यक्ति के साथ धक्का नहीं होने देंगे : वड़िंग
चुनाव रद्द किए जाने पर पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि गिद्दड़बाहा के लोगों को बधाई हो। जो आप सरकार द्वारा धक्का किया गया, इस पर चुनाव आयोग ने दशहरे पर बड़ा फैसला लिया है। यह हमारी जीत है और हम सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। पंजाब के किसी भी व्यक्ति के साथ धक्का नहीं होने दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें