पिंजौर। पिंजौर-कालका रोड किनारे पीडब्ल्यूडी द्वारा करोड़ों की लागत से बनाया ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया है। नालों में पानी जाने की बजाय सड़क पर बह रहा है। इस कारण पहले से ही जर्जर सड़क की हालत और दयनीय हो चुकी है। इसके अलावा विभाग द्वारा कहीं रोड किनारे नाले जमीन से काफी ऊंचे बना दिए हैं तो कहीं नाले जमीन के नीचे धंस गए हैं।
लोगों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी ने नाले निर्माण में लगाए करोड़ों रुपये की बर्बादी ही की है। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर द्वारा करीब 16 करोड़ की लागत से 6700 मीटर लंबे पिंजौर-कालका रोड का सुधारीकरण करने के दौरान रोड किनारे नालों का निर्माण करवाया था। लोगों का आरोप है विभाग ने नाला कैसे बनाया। बारिश होने पर पानी नाले में जाने की जगह सड़क पर बह रहा है। रोड की हालत देखकर वाहन चालकों सहित स्थानीय लोगों में रोष है। रोड पर पड़े गड्ढों में चालकों को वाहन चलाने में परेशानी हो रही है। लोगों ने प्रशासन और स्थानीय नेताओं से मांग की है कि रोड की मरम्मत करवाई जाए।