पंचकूला। जिले में वीरवार को कोरोना के 11 नए मामले सामने आए हैं। अब जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 21 हो गई है। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि 21 मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में एक भी मरीज भर्ती नहीं है। जिले में संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से वीरवार को 337 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार को आएगी।
कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 44208 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 43773 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 414 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 617776 लोगों के सैंपल जांचे हैं। पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील कर कहा है कि लोग कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का पालन करें। इसके अलावा टीकाकरण करवाकर अपने आप को सुरक्षित रखें।
उन्होंने लोगों से अपील कर कहा कि दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी नियम का पालन करें। इसके अलावा पंचकूला में 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण अब तक 54 फीसदी हो चुका है। 15 से 17 साल के युवाओं का 84.9 फीसदी किया गया है। पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने अपील की है कि लोग टीकाकरण में भाग लेकर अपने को कोरोना से बचा सकते हैं। सभी को टीकाकरण करवाना चाहिए। कोरोना से बचाव के लिए लोगों को मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करना चाहिए।