रायपुररानी। शहर के कई सेक्टरों में पेड पार्किंग शुरू करने से केवल शहरवासियों को ही नहीं बल्कि पूरे जिले और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी आर्थिक रूप से चूना लग रहा है। रायपुररानी ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नैब नंबरदार वजीदपुर, करमजीत सरोय खेड़ी, मनीष हंगोला, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन रूपचंद, सतीश वालिया मानकटबरा, सुनील भगत, कृष्ण सैनी हरीपुर, प्रदीप कुमार, राबर्ट मसीह, रॉकी धीमान, तरुण शर्मा, जयचंद भट्ट ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र से पंचकूला जाने वाले लोगों को कई मार्केट में सामान की खरीदारी करने के लिए जाना पड़ता है। कई दुकानों पर तो उनकी जरूरत का सामान नहीं मिलता लेकिन पेड पार्किंग के नाम पर नया टैक्स लगाकर जनता को आर्थिक चूना लगाया जा रहा है। लोगों ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से तुरंत प्रभाव से इस पेड पार्किंग से जनता को मुक्ति दिलवाने की मांग की है।
प्रदेश में भाजपा सरकार और पंचकूला में विधायक व मेयर भी भाजपा का होने के बाद भी इस प्रकार की पेड पार्किंग शुरू कर जनता का शोषण किया जा रहा है। यह भाजपा की मनमर्जी है। पार्टी पदाधिकारी आंखें बंद कर जनता का शोषण देख रहे हैं। -- बबलू कोचर, रायपुररानी
हमने पार्टी के माध्यम से प्रदेश सरकार के समक्ष पेड पार्किंग बंद करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि कई मार्केट से दस रुपये की आइटम लेने के लिए दस रुपये पार्किंग फीस देना पड़ रही है। यह बिल्कुल नाजायज है। -- अमित सैनी, युवा जिलाध्यक्ष जजपा
पंचकूला में शुरू की गई पेड पार्किंग की कडे़ शब्दों में निंदा करते हैं। यह पंचकूला के विधायक और मेयर की सोची समझी साजिश है। अपने ठेकेदारों को फायदा पहुंचाकर जनता पर दोहरी मार मारी जा रही है। -- शरणजीत सिंह काका, ब्लॉक प्रधान, सरपंच एसोसिएशन
पंचकूला में शुरू की गई पेड पार्किंग भाजपा के शासन में धक्केशाही है। यह जनता के साथ अन्याय है। इस मुद्दे पर स्थानीय विधायक और मेयर ने कोई संज्ञान नही लिया तो इसका खामियाजा चुनावों में भुगतना पडेगा। -- रूबी अग्रवाल, समाज सेविका
ग्रामीण क्षेत्र के लोग पहले ही पूरे दिन की गाड़ी आदि बुक करवा कर शहर तक पहुंचते हैं। सामान एकत्रित करने के लिए कई मार्केट में चक्कर लगाने पड़ते हैं लेकिन इस महंगाई के दौर में सैकड़ों रुपये पेड पार्किंग के रूप में देने पड़ रहे हैं। - पूजा सैनी, गांव बडौना कलां निवासी