चंडीगढ़। हरियाणा में डेंगू से हालात बिगड़कर यहां तक पहुंच गए हैं कि डेंगू मरीजों को प्लेटलेट्स चढ़वाने के लिए सरकारी अस्पतालों में किट तक नहीं मिल रही है। मरीजों को किट बाहर से खरीदने के लिए कहा जाता है और मार्केट में भी इसकी कमी हो गई है।
ऐसा ही एक मामला पंचकूला के सेक्टर 6 स्थित नागरिक अस्पताल से संबंधित आया है। यहां पर डेंगू मरीज अंचल कुमारी ने 24 अक्टूबर को सीएम के ट्वीटर हैंडल पर लिखा कि अस्पताल में किट उपलब्ध न होने के कारण अस्पताल का स्टाफ कह रहा है कि मार्केट से किट को खरीद लो। मार्केट में भी यह उपलब्ध नहीं है। आपसे मानवता आधार पर हस्तक्षेप करने का अनुरोध है। प्लाजमा देने के लिए डॅानर तैयार है।
सीएम के ओएसडी भूपेश्वर दयाल ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया और प्लाज्मा देने के लिए किट्स का प्रबंध के निर्देश अस्पताल के अधिकारियों को दिए गए। ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. मनोज त्यागी ने तुरंत उसकी समस्या का समाधान किया।
यमुनानगर जिले के दुसानी गांव में करवाई फॉगिंग
भूपेश्वर दयाल ने बताया कि यमुनानगर जिले से अभिषेक कौशिक ने 24 अक्तूबर को ट्वीट किया कि दुसानी गांव में डेंगू के मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। कुछ की स्थिति गंभीर है। सीएमओ द्वारा संज्ञान लेने पर गांव में फॉगिंग कराई गई। उप-सिविल सर्जन (मलेरिया) यमुनानगर ने भी अपनी रिपोर्ट में सूचित किया है कि 26 अक्तूबर, 2021 को दुसानी गांव में फॉगिंग करवा दी गई है।