बिजली कर्मचारियों ने मंगलवार को पंचकूला में निगमों के निजीकरण के खिलाफ प्रदर्शन किया। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण बिजली वितरण निगम की 23 सब डिविजनों को निजी हाथों में देने के विरोध में एवं अन्य लंबित दस सूत्रीय मांगों पर बिजली कर्मचारी 11 मई को एक दिन के सामूहिक अवकाश लेंगे।
बिजली निगमों के मुख्यालयों शक्ति भवन, विद्युत सदन व ऊर्जा भवन पर हरियाणा ज्वाइंट एक्शन कमेटी पावर के बैनर के तहत प्रदेश के बिजली कर्मचारियों ने हजारों की संख्या में प्रदर्शन किया। देवेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हुए इस प्रदर्शन के पहले हजारों की संख्या में बिजली कर्मचारी शक्ति भवन चौक के साथ बने पार्क में इकट्ठे हुए और सभा की।
ज्वाइंट एक्शन कमेटी के नेता कंवर सिंह यादव ने कहा कि बिजली कर्मचारियों द्वारा मेहनत से बनाए गए बिजली ढांचे को सरकार निजी कंपनियों को मुनाफे कमाने के लिए बेच रही है।
देवेंद्र सिंह हुडा ने कहा कि जब बिजली बोर्ड को तोड़कर निगम बनाये गये थे।
उस समय बिजली बोर्ड का घाटा लगभग 400 करोड़ रुपये था। 19 वर्षों बाद यह घाटा बढ़कर 34 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सुभाष ने कहा कि निगमों में कार्यरत सभी प्रकार के कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाये।
कंवर सिंह यादव व देवेंद्र हुड्डा ने कहा कि 11 मई की तैयारी के जोन स्तर पर चार टीमों का गठन किया गया है। प्रदर्शन को रामपाल मलिक, मोहन सिंह, जितेन्द्र बंसल, बलवान सिंह सौलंकी, अनिल कौशिक, अजय कौशिक, सुरेन्द्र यादव, सुरेश कुमार, धर्मवीर भाटी, देवी प्रसाद भट्ट, महेंद्र सिंह, राजबीर रोहिल, विजयपाल जाखड़, नरेंद्र खोखर, संजय मेहता आदि नेताओं ने भी संबोधित किया।