अमृतसर। डीसी आफिस इंप्लाइज एसोसिएशन ने पिछले लंबे समय से कर्मचारियों की लंबित मांगों के समर्थन में मंगलवार को नए डीसी आफिस कांपलेक्स से काली झंडियों के साथ मोटर साइकिल रैली निकाली। एसोसिएशन के महासचिव अश्नील कुमार और अध्यक्ष यादविंदर सिंह भंगू के नेतृत्व में मंगलवार को सुबह मिनी सचिवालय में इकट्ठा हुए और मांगे नहीं मानने को लेकर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और मालमंत्री को 2022 के चुनावों में नतीजे भुगतने को तैयार रहने की चेतावनी भी दी। इससे पहले एसोसिएशन ने मोटर साइकिल रैली निकालने को लेकर डिप्टी कमिश्नर गुरप्रीत सिंह खैहरा को एक सूचना पत्र सौंपा था।
महासचिव अश्नील कुमार के नेतृत्व में मंगलवार सुबह करीब 50 कर्मचारी मिनी सचिवालय में इकट्ठा हुए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुमार ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री गुम हो गए हैं, उन्हें ढूंढ कर अपनी मांगें बताने के लिए यह रैली निकाली जा रही है। इसके लिए उन्होंने फलेक्सियां भी लगाई। यह डीसी आफिस से माल रोड, नावल्टी चौक और नावल्टी चौक से क्वींज रोड, भंडारी पुल से होते हुई वापस कोर्ट रोड पहुंची। उन्होंने बताया कि रैली के बाद स्टेट लेवल की यूनियन की बैठक के बाद पंजाब सरकार जागी है और अतिरिक्त सचिव माल से तीन जून की स्टेट पदाधिकारियों के साथ दोपहर तीन बजे मीटिंग बुलाए जाने का पत्र जारी कर दिया।
उन्होंने बताया कि दो और तीन जून को भी डीसी आफिस कर्मचारी हड़ताल पर ही रहेंगे। इस दौरान जिला स्तर पर रोष रैली निकाली जाएगी और कर्मचारी रोष धरने पर भी बैठेंगे। इस दौरान दोपहर 12 बजे से लेकर एक बजे तक सोशल मीडिया पर जंग को तेज करते हुए ट्विटर पर मुख्यमंत्री और माल मंत्री को टैग किया जाएगा। वहीं दो जून को होने वाली कैबिनेट की बैठक पर भी नजर रखी जाएगी। अगर इस कैबिनेट मीटिंग में कर्मचारियों के पक्ष में कोई फैसला नहीं लिया गया, तो शार्ट नोटिस पर संघर्ष को तेज किया जाएगा।
फोटो-2,3