पंचकूला। सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद शहर में धड़ल्ले से इसका प्रयोग हो रहा है। दूसरे दिन भी शनिवार को सब्जी मंडी से लेकर परचून की दुकानों पर पॉलिथीन कैरी बैग का बिना खौफ प्रयोग किया जा रहा था। हालांकि नगर निगम की टीम ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। दूसरे दिन भी शनिवार को कई नगर निगम की छह टीमों ने 80 चालान कर कुल 102000 रुपये का जुर्माना वसूला है। मामले में प्रशासन ने भी जागरूकता अभियान शुरू कर लोगों से जूट और कपड़े के बैग इस्तेमाल करने की अपील की है।
शहर के सेक्टर-14 में हर शनिवार को सब्जी मंडी लगती है। इस बार भी मंडी में फल और सब्जी विक्रेता ग्राहकों को प्लास्टिक के बैग में सामान देते नजर आए। दुकानदारों द्वारा प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने के लिए सामने दूसरे थैले रखे जाते हैं। मगर जब ग्राहक को सामान देना होता है तो नीचे से प्लास्टिक की थैली निकाल कर उसमें सामान भर देते हैं। इसका खुलासा अमर उजाला की रियरिटी चेक में हुआ।
वहीं दूसरी तरफ शनिवार को नगर निगम की छह टीमों ने डीएमसी दीपक सुरा के नेतृत्व में सेक्टर - 8, 9, 10, 14, 11, 15, 6, 7, 25, 26, 20, सकेतड़ी, एमडीसी और सेक्टर - 14 की मंडी में छापा मारकर कार्रवाई की। इस दौरान नगर निगम की टीम ने 80 चालान कर कुल 102000 रुपये वसूले। इनमें सेक्टर - 6 मार्केट स्थित फास्ट फूड शॉप का 20 हजार, एमडीसी -5 स्थित शॉप नंबर -54 का 10 हजार, एमडीसी -5 स्थित जय मां डिपार्टमेंटल स्टोर का 25 हजार रुपये का चालान काटा गया। सेक्टर -14 की सब्जी मंडी में भी निगम की टीम ने 25 चालान काटकर 12500 रुपये का जुर्माना वसूला।
नगर निगम के डिप्टी म्यूनिसिपल कमिश्नर दीपक सुरा ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक और रिसाइकिल्ड प्लास्टिक से बने ग्लास, कप, प्लेट, चम्मच आदि के मैन्युफैक्चरिंग, स्टोरेज, इंपोर्ट और उपयोग पर सरकार ने 1 जुलाई से रोक लगा दी है। उन्होंने बताया की रोक लगाने के बावजूद भी दुकानदार सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक और रिसाइकल्ड प्लास्टिक हमारे वातावरण व पर्यावरण के लिए हानिकारक है। इस मुहिम को सिरे तक पहुंचाने के लिए लोगों को प्लास्टिक के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक होने की जरूरत है।
पूरे शहर में यही हालात
यह हालात केवल सब्जी मंडियों के नहीं हैं। पूरे शहर में ऐसा ही हो रहा है। सेक्टर-9 में दुकानदार और फल विक्रेता, सेक्टर-10 की डिवाइडिंग रोड, सेक्टर-4 की डिवाइडिंग रोड, सेक्टर-7 और 8 की डिवाइडिंग रोड पर खड़े होने वाले रेहड़ी-फड़ी वाले भी नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। वे सरेआम पॉलीथिन बैग का प्रयोग करते हैं। सेक्टर-20 और 21 भी इससे अछूता नहीं है।