फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रैला गांव में बच्ची की हत्या मामले में पांच राउंड अप, युवक व उसके फूफा पर शक

Mon, 25 Apr 2016 01:23 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/ पंचकूला
विज्ञापन
पकड़े गए आरोपी ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं।
विज्ञापन
गांव रैला में 12 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में सेक्टर पांच पुलिस शक के आधार पांच लोगों को राउंडअप कर पूछताछ कर रही है। इधर रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, इसके बाद बच्ची का अंतिम संस्कार कराया गया। इस मामले में राउंडअप किए गए पांच लोगों में एक युवक और उसका सगा फूफा भी शामिल है।
विज्ञापन


अब तक की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उसके अनुसार उक्त पांच लोगों में से युवक और उसके फूफा पर शक की सुई टिक रही है। पुलिस जल्दबाजी में इस वारदात का खुलासा करने के बजाय पुख्ता प्रमाण जुटाने में लगी हुई है। थाना सेक्टर-5 के प्रभारी ललित कुमार के मुताबिक सोमवार को इस वारदात को खुलासा होने की पूरी उम्मीद है।

पोस्टमार्टम में दुराचार संबंधी रिपोर्ट के बारे में थाना प्रभारी ने बताया कि डाक्टरों से अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि पंचकूला पुलिस रविवार को सीएम ड्यूटी के कारण व्यस्त रही। इस वजह से उपरोक्त मामले की जांच और अस्पताल की रिपोर्ट पर सोमवार को ठोस जानकारी देने की बात जांच अधिकारी बलवंत सिंह और थाना प्रभारी ने कही। 
विज्ञापन


युवक और उसके फूफा ने पी थी शराब
जिस मकान में मृतका और उसका परिवार प्रथम तल पर किराए पर रह रहा है। उसी मकान के टॉप फ्लोर पर इस मामले में राउंडअप किया गया युवक और उसका फूफा भी अपने परिवार के साथ रहते हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि दोनों ने शनिवार को साथ बैठकर शराब पी थी। मकान के जिन कमरों में युवक और उसका कुनबा रहता था, उसी के साथ वाले कमरे में बच्ची का शव खून में लथपथ मिला था। 


दोषियों को सजा दिलाना मेरा लक्ष्य : पीड़ित पिता 
मूलरूप से उन्नाव (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले उदय कुमार बेटी व परिवार के सदस्यों के साथ रैला में किराए पर रह रहे हैं। उदय के मुताबिक अब उनका लक्ष्य दोषियों को सख्त सजा दिलाना है, ताकि भविष्य में कोई ऐसा न करे। पीड़ित पिता रविवार को पुलिस के सामने यही फरियाद करते रहे।   

आप नेता ने पुलिस के रवैये पर जताया ऐतराज
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नागरिक विंग के अध्यक्ष विजय पटका पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल में मौजूद रहे। उन्होंने मौके पर मौजूद सहायक उपनिरीक्षक के रवैये पर ऐतराज जताया। पटका के मुताबिक जब उन्होंने पुलिस कार्रवाई के बारे में एएसआई से पूछा तो उसने कोई जवाब दिए बगैर वहां से चला गया। उन्होंने इस मामले में पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की मांग की, ताकि ऐसे घृणित कार्य करने वालों के लिए एक सबक हो। 


नाम न छापने की शर्त पर की पुष्टि
एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर इस बात की पुष्टि की है कि शनिवार को गांव रैला में जिस बच्ची की हत्या हुई थी, उससे पहले उसके साथ दुराचार भी किया गया था। हालांकि पुलिस ने रविवार देर शाम तक इस बात की अधिकारिक पुष्टि नहीं की। संभव है कि पुलिस सोमवार को इसका खुलासा करेगी। वहीं मृतका के नजदीकी रिश्तेदार ने भी इस बात की पुष्टि की है कि बच्ची के साथ रेप हुआ था। इस जानकारी को आधार बताते हुए उक्त रिश्तेदार ने बताया कि जब वह पोस्टमार्टम हाउस में गए थे तो वहां मौजूद अस्पताल की टीम यह बात कह रही थी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें