पुलिस का इंतजार करती रही नर्स और चोर कार में सामान भरकर हुए रफूचक्कर
- नर्स के घर से एक हफ्ते में चोरों ने दूसरी बार उड़ाया घर का सामान
- पहले दी गई शिकायत पर पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
- दूसरी बार चोरी होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-25 नर्स के घर से हफ्ते में दो बार चोर गिरोह ने सामान उड़ाया। खास बात यह रही कि उसके घर आए चोरों गिरोह होंडा सिटी कार से सामान लेकर भाग गया। पहली बार पुलिस को शिकायत दी तो कोई सुनवाई नहीं। दूसरी बार चोरी होने पर सेक्टर-4 डिस्पेंसरी में तैैनात नर्स मंजू ने पुलिस को शिकायत दी तो चंडीमंदिर थाने की पुलिस ने चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सेक्टर-25 की रहने वाली नर्स मंजू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 17 दिसंबर को किसी निजी काम से आउट ऑफ स्टेशन गई हुई थी। 20 दिसंबर की शाम को करीब 6.30 बजे घर पहुंची। लेकिन जब घर के अंदर जाने से पहले वह दूध लेने के लिए जाने लगी तो उनकी नजर पिछले गेट पर पड़ी। उसने देखा कि पिछले गेट पर एक सफेद रंग की होड़ा सिटी कार खड़ी है। उसके नजदीक ही एक लड़का खड़ा है और एक व्यक्ति गाड़ी में उसके घर से सामान निकाल कर रख रहा था। इसके बाद उन्होंने बताया कि 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को इस बात जानकारी दी। इसके थोड़ी देर बाद पीसीआर मौके पर पहुंची। पीसीआर के पहुंचने से पहले ही सामान से भरी कार लेकर चोर गिरोह फरार हो गया। मंजू ने पुलिस को बताया कि उसने चोर को इतने करीब से देखा है कि वह उसका स्कैच भी बनवा सकती है। चोरों ने घर से एलईडी, गैस सिलेंडर, ब्लैंकेट, इन्वर्टर बैटरी, चेयर टेबल व अन्य काफी सामान चुराया है। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
मंजू ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया
पंचकूला सेक्टर-4 डिस्पेंसरी में नर्स के पद पर कार्यरत मंजू 11 दिसंबर को किसी निजी काम से आउट ऑफ स्टेशन गई हुई थी। जब वह 14 दिसंबर को रात 8.30 बजे वापस आई तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए हैं। सामान बिखरा पड़ा है। मंजू ने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद भी चंडीमंदिर थाने की पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। मंजू ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर पहली बार चोरी होने के बाद ही पुलिस कार्रवाई कर देती तो दोबारा घर में चोरी नहीं होती। मंजू ने बताया कि पहली बार चोरी के बाद 14 दिसंबर को चंडीमंदिर पुलिस को चोरी की शिकायत दी थी। पुलिस ने उस समय कोई एफआईआर दर्ज नहीं की। पुलिस ने 20 दिसंबर को हुई चोरी की एफआईआर दर्ज की है।
घर के माली पर जताया शक
पीड़ित महिला ने बताया कि घर से बाहर जाने की खबर घर के माली को थी। 11 दिसंबर को पंजाब जा रही थी तब उन्हें माली घर के बाहर मिला। इसके बाद 20 दिसंबर को वापस आई तो घर में चोरी हो चुकी थी। मंजू ने शक जताते हुए कहा कि माली उनके घर वर्किंग डे में काम करने कभी नहीं आता था। वह सिर्फ शनिवार और रविवार को ही काम करने आता था।
नर्स मंजू की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - नवीन कुमार, थाना प्रभारी, चंडीमंदिर।