क्लैंप लगी कार घसीटकर ले गया पार्किंग में, बदल रहा था टायर, पुलिस ने दबोचा
सबहेड
मध्य मार्ग की स्लिप रोड पर रांग पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस ने कार में लगाया था क्लैंप
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-8 मध्य मार्ग की स्लिप रोड पर रांग पार्किंग में खड़ी एक स्विफ्ट डिजायर कार को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने क्लैंप लगा दिया लेकिन जब गाड़ी का मालिक मौके पर पहुंचा तो क्लैंप लगा देख कार को करीब 100 मीटर खींचकर पार्किंग में ले गया और क्लैंग लगा टायर निकालकर स्टेपनी लगाने लगा। जब यह बात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को पता चली तो उन्होंने पुलिस बुला ली। सूचना पर पहुंची सेक्टर-3 थाना पुलिस ने गाड़ी मालिक के खिलाफ आईपीसी की धारा 379 और 411 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान जीरकपुर के दशमेश नगर निवासी विशाल (30) के रूप में हुई है।
दरअसल, हुआ यूं कि ट्रैफिक पुलिस ने तैनात एएसआई राजपाल की ड्यूटी शुक्रवार को सेक्टर-8 के पास लगी हुई थी। वह अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। शाम करीब पौने पांच बजे उन्हें स्विफ्ट कार नंबर (सीएच04 के 3185) रांग पार्किंग में खड़ी दिखी। इसके बाद फौरन कार पर क्लैंप दिया गया। थोड़ी देर बार ट्रैफिक पुलिस दोबारा गश्त पर निकल गई। करीब 40 मिनट बाद एएसआई राजपाल सिंह अपने टीम के साथ वहां के पास पहुंचे तो कार गायब थी। स्विफ्ट कार को गायब देख सभी ने उसे तलाशना शुरू कर दिया। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो सामने आया कि कार को सेक्टर-8 स्थित नियर सिंधी स्विट्स की पार्किंग के पास खड़ी की गई है। टीम वहां पहुंची तो सभी पुलिसकर्मी हक्का बक्का रह गए। दो लोग टायर को बदल रहे थे। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पार्किंग की कटी थी पर्ची
ट्रैफिक पुलिस अनुसार घटना के तुरंत बाद जांच में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद कार पार्किंग के एक कोने में खड़ी मिली। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का कहना है कि जांच में पता चला कि क्लैंप लगी कार को पार्किंग में खड़ी करने के दौरान आरोपी ने पर्ची भी कटवा ली थी।