नववर्ष पर पुलिस ने आयोजकों को चेताया, महिलाओं की सुरक्षा को दें प्राथमिकता
होटल, पब, रेस्टोरेंट के मैनेजर व अन्य प्रबंधकों को कहा- शराब सर्व करते समय उम्र का रखें ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नव वर्ष के जश्न में किसी प्रकार का कोई खलल नहीं पड़े, इसके लिए एसएसपी निलांबरी जगदले ने शहर के सभी होटल, रेस्टोरेंट, पब, मॉल के मैनेजर व अन्य प्रबंधकों से शनिवार को मीटिंग की। उन्होंने सभी को स्पष्ट किया कि वे महिला, युवतियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें।
ये हैं निर्देश
1. नए साल के कार्यक्रम के दौरान 25 वर्ष से कम आयु के युवकों को शराब नहीं बेचें। अतिथियों को ड्रंकन-ड्राइव नहीं करने के बारे में जागरूक करें। पहले से टैक्सी और कैब सहित शराब का सेवन नहीं करने वाले लोग ही ड्राइविंग करें।
2. कार्यक्रम के आयोजक, मैनेजर, प्रबंधक और मालिक किसी भी समय पुलिस की मदद के लिए 100 और 1091 नंबर डायल करें।
3. सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम में पहुंचने वाले अतिथियों की पहचान पुख्ता करें।
4. कार्यक्रम की समय सीमा का डीसी के निर्देशों के तहत पालन करें।
5. खुले स्थलों पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान तरीके से बैरिकेडिंग की व्यवस्था करें।
6. कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकासी द्वार समेत अन्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाएं।
7. वीआईपी और सेलिब्रिटी के कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी डीएसपी और स्थानीय थाना एसएचओ से सांझा करें।
8. शराब के ठेके और अहाता समय पर बंद करें।
9. कार्यक्रम के आयोजक बाउंसर और लेडी बाउंसर को ड्यूटी पर रखें, लेकिन उन्हें चेताया जाए कि वे किसी व्यक्ति से हाथापाई कर कानून हाथ में नहीं लें। माहौल खराब करने वालों को पकड़ कर पुलिस के हवाले करें।
10. कोई अतिथि कार्यक्रम में हथियार लेकर नहीं पहुंचे। इसकी चेकिंग की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।
11. आयोजन स्थल पर अग्निश्मन यंत्र लगाएं।
बॉक्स
1319 पुलिसकर्मियों पर सुरक्षा का दारोमदार
नववर्ष पर शहर में कुल 115 जगहों पर जश्न मनाया जाएगा। इस दौरान कुल 1319 पुलिसकर्मियों पर सुरक्षा का दारोमदार होगा। इनमें दस जीओ, 16 एसएचओ व 25 इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। नौ एंबुलेंस, आठ फायर टेंडर, तीन हाइड्रोलिक लेडर, आठ अस्का लाइट्स और आठ क्यूआरटी तैनात रहेंगी। आयोजन स्थलों के समीप छह एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट, बम निरोधक दस्ते समेत वुमन पुलिस स्टेशन की एसएचओ की सुपरविजन में स्पेशल लेडी स्क्वायड तैनात रहेगी। पुलिस कंट्रोल रूम से महिलाओं की मदद के लिए लेडी स्टाफ के नौ वाहन पूरे शहर में ड्यूटी पर होंगे ताकि महिलाओं को पिक एंड ड्रॉप की सुविधा प्रदान की जा सके।