सेक्टर-63 में हाउसिंग सोसायटी में बनेगा बीट बॉक्स
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
चोरियों से परेशान सेक्टर-63 हाउसिंग सोसाइटी के बाशिंदों को चोरों के खौफ से निजात दिलाने के लिए पुलिस विभाग ने बीट बॉक्स पास कर दिया है। जनवरी से मई 2017 के बीच करीब 55 छोटी-बड़ी चोरियों के कारण दहशत में आए लोगों की समस्या को अमर उजाला ने अपने अभियान में प्रमुखता से उठाया था। इसके तुरंत बाद विभाग के आला अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया।
चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर बसे सेक्टर-63 के हाउसिंग बोर्ड के नए फ्लैट्स के बाशिंदों में नशेड़ियों और चोरों का खौफ काफी बढ़ गया था। बेखौफ अपराधी सोसायटी में चहारदीवारी न होने के कारण कहीं से भी अंदर आ जाते हैं और यहां वारदात को अंजाम देकर आसानी से भाग जाते हैं।
पुलिस के जाते ही होती थीं चोरियां
आरडब्ल्यूए 2 बीएचके वाइस प्रेसिडेंट अमित गुप्ता ने बताया कि चोरियां बढ़ने के बाद पुलिस ने बीच में पेट्रोलिंग बढ़ा दी। इसके बावजूद उनके जाने के बाद आरोपी चोरियों को अंजाम दे देते थे। बीट बॉक्स से पुलिस का पहरा हर समय होने से काफी राहत मिलेगी।
बीट बॉक्स बनने से चोरियों और अन्य छोटी-बड़ी वारदात पर लगाम लगेगी। यह सोसाइटी के लिए काफी राहत की बात है।
अश्वनी कुमार, प्रेसिडेंट, वन बीएचके
इसी माह पूरा होगा काम
मोहाली की ओर एरिया खुलने और बंद पड़े मकानों में छोटी-मोटी चोरियों की शिकायतें आ रहीं थी। विभाग की ओर से सोसाइटी के अंदर बीट बॉक्स लगाने का आर्डर आ चुका है। इसी महीने इस काम को पूरा किया जाएगा।
रंजोत सिंह, थाना प्रभारी, सेक्टर-49
अमर उजाला इंपेक्ट : (अमर उजाला में 9 जून को प्रमुखता से प्रकाशित)
बढ़ रहीं चोरियों पर लगाम लगाने की तैयारी
जनवरी से मई तक सोसाइटी में हो चुकी हैं 55 छोटी-बड़ी चोरियां