मनीमाजरा। मनीमाजरा थाने के संतरी की लापरवाही से पुलिस लॉकअप से फरार चोरी के आरोपी को पुलिस ने दिल्ली के लाल किला के नजदीक से दबोच लिया है। पुलिस ने 36 घंटे के अंदर आरोपी को दबोचा है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी थाने से निकलने के बाद सीधा दिल्ली फरार हो गया था, यहां से उत्तरप्रदेश जाने की तैयारी में था। पुलिस रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करेगी। एसएचओ रणजीत सिंह को सूचना मिली थी कि आरोपी फरार होकर दिल्ली पहुंच गया है। इसके बाद हवलदार अमरजीत सिंह, आजाद सिंह, लाल बहादुर, कांस्टेबल विकास पर आधारित एक टीम गठित कर आरोपी को दबोचने के लिए भेजा गया।
बता दें कि 26 मई को मनीमाजरा स्थित मोहल्ला डेरा साहिब के रहने वाले बलजीत सिंह ने मनीमाजरा पुलिस को शिकायत दी थी कि कुछ दिनों पहले उनके घर से किसी ने चार मोबाइल फोन चुरा लिए थे। इस संबंध में मनीमाजरा थाना पुलिस को सेक्टर-19 थाना पुलिस की ओर से गिरफ्तार यूपी के जिला संभल निवासी मोहम्मद सलीम पर शक था। इसी आधार पर मनीमाजरा थाना पुलिस ने वीरवार को आरोपी का अदालत में प्रोडक्शन वारंट अप्लाई कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। पुलिस ने उसे मनीमाजरा थाने के लॉकअप में बंद कर दिया था, लेकिन वीरवार देर रात मौली जागरां पुलिस ने एक चोर पकड़ा, जिसे मनीमाजरा थाने के लॉकअप में बंद करना था। जब संतरी सुखपाल सिंह ने देर रात करीब पौने दस बजे हवालात खोली तो ठीक से लॉक नहीं किया। इसका ही फायदा उठाकर मोहम्मद सलीम वहां से फरार हो गया। मालूम हो कि पुलिस ने आरोपी चोर व संतरी के खिलाफ केस भी दर्ज किया था। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले संतरी सुखपाल सिंह को सस्पेंड भी कर दिया गया था।