लूटपाट गिरोह के तीन सदस्य काबू
आरोपियों से सोने का झुमका, तीन बाइक, एक एक्टिवा व छह मोबाइल बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
फाजिल्का।
चोरी व लूटपाट की वारदातं को अंजाम देने वाले तीन लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों का एक साथी पुलिस गिरफ्त से दूर है। आरोपियों से सोने का झुमका, तीन मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा व छह मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपियों पर पहले भी कई थानों में चोरी व लूटपाट के पर्चे दर्ज हैं।
एसएसपी डा. केतन बलिराम पाटिल ने बताया कि नौ अप्रैल को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे शहर के आदर्श नगर में दो बदमाशों ने डा. विजय अरोड़ा के घर में घुसकर उनकी माता पर हमला बोल दिया और उनके कानों से सोने के झुमके उतार लिया। समय रहते घर के सामने रहने वाली महिला ने यह सब कुछ देख लिया और शोर मचा दिया। इस पर दोनों अपने अन्य दो साथियों सहित वहां से भाग निकले। उनकी तस्वीरें साथ के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एसएसपी ने बताया कि उक्त मामले की जांच के लिए उन्होंने एसपी इन्वेस्टिगेशन मुख्तयार सिंह की अगुवाई में टीम गठित की, जिसमें डीएसपी फाजिल्का नरेंद्र सिंह, एसएचओ लेखराज, एसआई गुरमीत सिंह, सीआईए इंचार्ज अंग्रेज सिंह को शामिल किया गया।
टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी गांव झोक डिप्पूलाना निवासी संदीप सिंह उर्फ गगनी, जिला श्री मुक्तसर के शहर मलोट के गांव अबुल खुराना परमिंदर सिंह, हरमनजीत सिंह को काबू कर लिया। एक आरोपी अभी फरार है। एसएसपी ने बताया कि संदीप सिंह उर्फ गगनी और हरमनजीत सिंह पर पहले भी कई थानों में मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि 2015 में संदीप सिंह पर थाना अरनीवाला में केस दर्ज है, 2015 में थाना फाजिल्का में संदीप सिंह पर चोरी का पर्चा दर्ज है, 2014 में सिरसा के शहर डबवाली में हरमजीत सिंह पर चोरी का पर्चा दर्ज है और चोरी और असलहा एक्ट के तहत अबोहर में एक पर्चा दर्ज है, जिसमें अदालत ने हरमजीत सिंह को पीओ घोषित किया है।