दहेज की मांग पूरी न होने पर नहर में कुदाई कार, पत्नी की मौत
भाई के बयान पर पति और सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। शादी में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक युवक ने अपनी कार गंग कनाल में कुदा दी। इससे कार में सवार उसकी पत्नी की मौत हो गई। वह खुद तैरकर बाहर आ गया। थाना सदर फाजिल्का पुलिस ने विवाहिता के बयान पर उसके पति और सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में अबोहर के साउथ एवेन्यू निवासी रजनीश खैरवा पुत्र वेद प्रकाश ने बताया कि उनकी बहन दीपिका की शादी सुधीर कुमार पुत्र ओम प्रकाश के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही सुधीर और उसके माता-पिता उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे। इस बारे में कई बार समझौता करवाने के बाद भी उक्त लोग दहेज की मांग से बाज नहीं आए। इसी कारण 14 नवंबर को सुधीर उनकी बहन दीपिका को कार में बैठाकर घर से निकला और फाजिल्का रोड गंग कैनाल में जबरदस्ती कुदा दी। इससे उसमें सवार दीपिका की दम घुटने से मौत हो गई जबकि सुधीर कार से निकल कर तैरते हुए बाहर आ गया।
रजनीश ने बताया कि घटना वाले दिन उसने घबराहट में पुलिस को धारा 174 के तहत बयान दर्ज करवा दिए लेकिन बाद में यह सारा मामला सामने आया। इसपर पुलिस ने सुधीर कुमार, उसके पिता ओम प्रकाश और माता पवन कुमारी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
इस समाचार की फोटो एबीआर 1 भेजी जा रही है।