पंचकूला। सेक्टर-12 स्थित नेशनल हाईवे के साथ लगते सड़क पर चालक कार खड़ी करके फोन पर बात करते रहा, इस दौरान दो लोग कार लेकर फरार हो गए। जिसके तुरंत बाद चालक ने चोरी की सूचना कंट्रोल रूम को दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार ढकोली निवासी साहिल ने बताया कि वह वीरवार शाम को करीब पांच बजे जीरकपुर की तरफ से पंचकूला आ रहा था।
जब वह सेक्टर-12 की तरफ पहुंचा तो उसने कार को साइड में पार्क किया और नीचे उतरकर फोन पर बात करने लगा। इस दौरान दो युवक कार में बैठे और कार लेकर फरार हो गए। इसके तुरंत बाद चालक ने चोरी की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पाते ही डायल 112 की टीम कार की तलाश मेें जुट गई।
डायल 112 की गाड़ी पर मौजूद एएसआई राम सिंह, एसपीओ रूरन नोबी व एसपीओ बिक्रम सिंह कार की तलाश में सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम की ट्रैफिक लाइट से थोड़ा आगे पहुंचे तो उन्हें सड़क किनारे कार खड़ी मिली, लेकिन उस समय कार में कोई मौजूद नहीं था। इसके तुरंत बाद कार चालक को पुलिस ने सूचना दी।