पंचकूला। सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन ने मेयर कुलभूषण गोयल, नगर आयुक्त धर्मवीर सिंह, उपनगराधीश दीपक सुरा और नगर निगम के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार गोयल को पत्र लिखा है। पत्र में शहर की सभी मार्केट की पार्किंग निशुल्क करने की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी जरूरत का सामान लेने के लिए दिन में कई बार मार्केट आना-जाना पड़ता है। ऐसे में पार्किंग निशुल्क होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर पार्किंग फीस लगाई जा रही है, तो वहां पर नियमों और सुविधाओं का भी कड़ाई से पालन होना चाहिए। पत्र में उन्होंने यह भी लिखा है कि शहर से निकलने वाले कचरे का प्रबंधन करने के लिए प्लांट लगाना भी बहुत जरूरी है। एसोसिएशन के प्रधान एसके नैय्यर, वरिष्ठ उपप्रधान लिल्ली बाबा और और सचिव राकेश सौंधी ने कहा कि पंचकूला का विकास अभी अधूरा है। शहर को स्मार्ट-सिटी बनाने के लिए कई प्रोजेक्ट पूरे करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पंचकूला के लोग तो पहले ही हर वस्तु पर इतने टैक्स सरकार को दे रहे हैं कि और टैक्स इसको लगाना उचित ही नहीं बनता। इसलिए पार्किंग-फीस नहीं लगनी चाहिए। एसोसिएशन ने कहा कि पेड पार्किंग सेक्टरों से बाहर की मार्केट में बनाई जा सकती हैं। साथ ही प्रशासन यह भी सुनिश्चित करे कि पेड पार्किंग में लोगों को सभी सुविधाएं उपलब्ध हों।