पंचकूला। शहर में सेनेटरी वेयर खरीदकर 41 लाख की ठगी करने का मामला सामने आया है। सेक्टर-20 पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सोलन निवासी पति-पत्नी दीप कुमार और अंजना पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में औद्योगिक क्षेत्र के मुकेश गोयल ने आरोप लगाया कि व्यापार शुरू करने के नाम पर दीप कुमार और अंजना ने उससे सेनेटरी वेयर का सामान लिया। इसके अलावा कुछ रकम भी ली।
जब खरीदे सेनेटरी वेयर की रकम और नकद दिए रुपयों की मांग शुरू की गई तो उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद दीप कुमार और अंजना के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई। आरोपियों ने 41 लाख रुपये वापस करने का वादा किया। इसके बाद वे नजर नहीं आए। जब मुकेश गोयल उनके पास गए तो उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। सेक्टर-20 पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।