पंचकूला। घर की रजिस्ट्री करवाने के नाम पर 11.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। सेक्टर-5 पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार और उनकी पत्नी सर्वजीत कौर पर केस दर्ज किया है। दीपक नारंग निवासी सेेक्टर-21 ने बताया कि वह अपने पिता के साथ मिलकर होटल का व्यवसाय चलाते हैं। वर्ष 2016 से उनकी पहचान अनिल कुमार निवासी गांव माजरी से थी। अनिल और उसकी पत्नी का घर गांव माजरी में था। वह उसे बेचना चाहते थे।
उनसे घर का सौदा वर्ष 2018 में 13 लाख रुपये में तय हुआ। सर्वजीत कौर ने स्टांप खरीदकर खुद अपना बयान लिखकर दिया। इस पर दोनों आरोपियों को चार लाख रुपये कैश दे दिया। इसके बाद दीपक नारंग ने अनिल कुमार और सर्वजीत कौर के ज्वाइंट अकाउंट पर 7.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। 11.50 लाख रुपये देने के बाद रजिस्ट्री दीपक नारंग के नाम पर नहीं हुई। वर्ष 2018 में चार माह बीतने के बाद सर्वजीत कौर और अनिल कुमार ने कोई रजिस्ट्री के लिए रिस्पांस नहीं दिया।
रिस्पांस नहीं देने पर दीपक नारंग जब सर्वजीत कौर और अनिल कुमार के घर गए तो दोनों आरोपी मिलकर उन्हें फंसाने के लिए झूठी धमकी देने लगे। इस पर उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो दोनों आरोपियों ने साफ तौर पर पैसा देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंनें पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने बताया कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।