कालका। सोमवार को कालका में भाजपा की तिरंगा यात्रा के दौरान उमड़ी भीड़ में एक व्यक्ति की जेब से 42 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। उक्त सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कालका-शिमला स्टैंड के आपरेटर नरेंद्र सिंह ने बताया कि तिरंगा यात्रा का समापन रेलवे ग्राउंड के समीप होना था।
वहां कालका-शिमला टैक्सी स्टैंड की तरफ से तिरंगा यात्रा के स्वागत में जलपान की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान शाम को जैसे ही यात्रा कालका रेलवे ग्राउंड के समीप पहुंची तो एक व्यक्ति जिसने मुंह पर मास्क लगाया हुआ था, उसने भीड़ का फायदा उठाकर उसकी जेब में हाथ डाल दिया। जेब में पड़े करीब 42 हजार रुपये निकाल लिए। नरेंद्र ने बताया कि यह रकम उनकी गाड़ियों की थी जोकि वह घर रखने जा रहे थे। तिरंगा यात्रा के चलते उन्होंने सोचा की वह बाद में इसे घर रख आएंगे।
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी कालका पुलिस को दी गई है। वहीं कालका एसएचओ अजीत सिंह ने बताया कि अभी तक उनके पास इस बाबत कोई दरखास्त नही आई है। उधर मंगलवार को चोरी का विडियो खूब वायरल हुआ।