पंचकूला। रोजगार की मांग को लेकर 10 दिन तक धरना देने वाले कोरोना योद्धा एक बार फिर से आंदोलन की राह पर निकल पड़े हैं। सोमवार को पूरे प्रदेश से कोरोना योद्धा सेक्टर-5 में धरनास्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद एमडी एनएचएम का घेराव करेंगे। कोरोना योद्धाओं का आरोप है कि सरकार ने उनके साथ धोखा किया है। मांगें मानने के नाम पर उनको छला गया है। प्रदेशाध्यक्ष अन्नू धीमान ने बताया कि उनके लेटर गलत तरीके से जारी किए गए हैं।
उनको एनएचएम की जगह कौशल रोजगार निगम के तहत भर्ती किया जा रहा है। कई जिलों के सीएमओ कह रहे हैं कि वे सभी कर्मचारियों को भर्ती नहीं करेंगे। उन्हें जितने कर्मचारियों की जरूरत है, उतने ही भर्ती किए जाएंगे। इससे कोरोना योद्धाओं में भारी रोष है। सोमवार को प्रदेशभर से कोरोना योद्धा पंचकूला पहुंच कर अपना विरोध जताएंगे। उसके बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।