त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद पंजाब में कोरोना संक्रमण बढ़ने लगा है। शुक्रवार को संक्रमण से 3 की मौत हो गई, जबकि 39 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। चिंता की बात यह है कि सूबे में फिर से सक्रिय मामलों की संख्या 300 के पार पहुंच गई है। अब तक 16580 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब पंजाब में 15920830 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं। जिनमें 602943 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। अच्छी बात यह है कि विभिन्न विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 586048 संक्रमित स्वास्थ्य लाभ लेकर ठीक हो चुके हैं। शुक्रवार को हुई तीन संक्रमितों की मौत में होशियारपुर, लुधियाना और पटियाला में 1-1 मामला शामिल है। 39 नए संक्रमितों में सबसे ज्यादा होशियारपुर और मोहाली में 10-10, पठानकोट में 8, अमृतसर, पटियाला में 3-3, जालंधर, लुधियाना में 2-2 और बठिंडा में 1 मामला सामने आया है।