पंचकूला। कोरोना संक्रमण के मामले में मंगलवार जिले के लिए राहत भरा रहा। मंगलवार को जिले में एक भी नया मरीज नहीं मिला है, जबकि 8 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। अब जिले में 28 संक्रमित रह गए हैं। इनमें से 21 मरीज अपने घरों पर आइसोलेट हैं व सात अस्पतालों में भर्ती हैं।
बता दें कि सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिले के अलग-अलग सेंटरों से 376 लोगों के सैंपल लिए थे। उनकी रिपोर्ट मंगलवार को आई है। इनमें से सभी सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि मंगलवार को 575 सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट बुधवार को आएगी। विभाग की ओर से जिले में लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।