पंचकूला। प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, भानू पंचकूला में बुधवार को 472वें जीडी रिक्रूट बैच की विभिन्न राज्यों से हिम वीरांगना प्रशिक्षणार्थियों का दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्यातिथि आईटीबीपी के महानिरीक्षक ईश्वर सिंह दूहन ने शिरकत की और उनका स्वागत उपमहानिरीक्षक राजेश शर्मा ने किया। इस मौके पर सेनानी विक्रांत थपलियाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर आईटीबीपी के महानिरीक्षक ईश्वर सिंह दूहन ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को बेसिक प्रशिक्षण पूर्ण करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी प्रशिक्षणार्थी अपनी बेसिक ट्रेनिंग पूर्ण करने के उपरांत इस बल के हिमवीर परिवार में एक प्रशिक्षित सदस्य के रूप में शामिल हो गए हैं। आप सभी बहुत भाग्यशाली हैं, कि आप सभी को देश सेवा का अवसर आईटीबीपी जैसे अनुशासित बल में प्राप्त हुआ है। प्रशिक्षणार्थियों ने इस केंद्र में जो ज्ञान अर्जित किया है, उसे कायम रखते हुए अपने जीवन में और अधिक सीखने का प्रयास करेंगे। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक सैनिक को वास्तविक युद्ध में तैनात होने की तैयारी के लिए पूरी तरह प्रशिक्षित करना है। इस प्रशिक्षण में महिलाओं ने अपनी विशेष भूमिका निभाई है।
यह महिला सशक्तीकरण का एक उदाहरण है कि अपनी देश की सेवा के लिए महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। 44 सप्ताह की कठोर प्रशिक्षण ने प्रत्येक महिला को तन, मन और धन से मजबूत बनाया है, ताकि देश की सेवा के साथ-साथ अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियां भी निभा सकें। प्रशिक्षण के दौरान महानिरीक्षक ने सभी प्रशिक्षणार्थियों का मनोबल बढ़ाया है। शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से इन प्रशिक्षणार्थियों को ड्रिल, वैपन, मैप रीडिंग और हथियारों की सिखलाई इत्यादि विषयों पर 44 सप्ताह का कठोर प्रशिक्षण दिया गया, जिससे कि प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी आने वाली सभी चुनौतियों का सामना आसानी से कर सके। अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी गई।