चंडीगढ़। हरियाणा में विदेशों की तर्ज पर कोच तैयार किए जाएंगे। सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभा वाले नए कोच जल्द नियुक्त करेगी। खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के मद्देनजर तैयार किया जाएगा। गुुरुग्राम में 6 महीने में क्रिकेट स्टेडियम बनकर तैयार होगा। इसके अलावा हिसार में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी स्टेडियम भी जल्द बन जाएगा। सरकार युवाओं को नशाखोरी से बचाने के लिए खेलों से जोड़ेगी।
मुख्यमंत्री मनेाहर लाल ने वीरवार को प्रेसवार्ता में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बड़े आयोजनों की मेजबानी लेने के साथ सर्कल कबड्डी को मान्यता दिलाने की पूरी कोशिश करेगी। गुरुग्राम, पंचकूला और अन्य खेल स्टेडियम में आईपीएल के मैच कराने का भी प्रयास किया जाएगा। योग व व्यायामशालाओं के साथ वेलनेस सेंटर भी खोले जाएंगे।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के प्रमाण पत्र की मान्यता जूनियर नेशनल इवेंट के बराबर होगी। हालांकि, नौकरी में कोई लाभ नहीं मिलेगा। अंडर-18 के खिलाड़ी इसमें भाग ले सकते हैं, लेकिन पिछले साल खेल न होने पर इस बार 19 आयु वर्ग तक के खिलाड़ियों को अनुमति दी गई है। 1100 खेल नर्सरी बन रही हैं, हर नर्सरी को 75 हजार रुपये प्रतिमाह तक देंगे। उन्होंने कहा कि खेलों का बजट अगले साल और बढ़ाएंगे। 1000 योग शिक्षकों की चयन प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाएगी। खेलो इंडिया के लिए तैयार किए गए इंफ्रास्ट्रक्चर का लाभ खिलाड़ियों को मिलेगा।