फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘मेरा परिवार-मेरी पहचान’ का शुभारंभ कर सीएम ने 30 लाभपात्रों को बांटे पहचान पत्र

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण भवन के विश्राम गृह में ‘मेरा परिवार-मेरी पहचान’ कार्यक्रम का शुभारंभ कर 30 लाभपात्रों को पहचान पत्र वितरित किए। इसके अलावा असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वालों के लिए पंजीकरण पोर्टल का भी शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से रेहड़ी, फड़ी, मजदूर आदि अपना पंजीकरण करके सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। मेरा परिवार-मेरी पहचान अभियान के तहत तीन माह में प्रदेश के सभी परिवारों को पहचान पत्र जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। परिवार पहचान पत्र के साथ मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा तथा निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांग पेंशन योजना को जोड़ा गया है। अब लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार फॉर्म नहीं भरने पड़ेंगे और कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
विज्ञापन

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि जिस दिन कोई व्यक्ति या परिवार किसी योजना या स्कीम का लाभ प्राप्त करने का पात्र बन जाता है, उसे उसी दिन से उसका लाभ मिलने लगे। यही अन्त्योदय का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी होते ही युवा-युवती के पास संदेश चला जाएगा कि वह मतदान करने का पात्र हो गया है। इसी प्रकार, कोई व्यक्ति 60 वर्ष की आयु पूरी कर लेता है तो उसे यह संदेश मिल जाएगा कि वह वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने का पात्र हो गया है। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र इस लक्ष्य की प्राप्ति में कारगर सिद्ध होगा। उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील की कि सरकार की योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त करने के लिए आज ही अपने परिवार पहचान पत्र बनवाने के लिए आगे आएं और नागरिकों का यूनीक डाटा संकलित करने में सरकार का सहयोग करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 56 लाख परिवारों का डाटा तैयार करना है। वर्ष 2011 की जनगणना के सामाजिक-आर्थिक और जातिगत गणना के लगभग 46 लाख परिवारों का डाटाबेस पहले ही तैयार कर लिया गया था और परिवार पहचान पत्र पोर्टल से जोड़ दिया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि 18,81,291 परिवारों का डाटा सत्यापित किया जा चुका है और शेष कार्य आगामी 3 महीने में पूरा कर लिया जाएगा। आगामी 30 अगस्त तक 20 लाख परिवारों को उनके घर-घर जाकर परिवार पहचान पत्र दिए जाएंगे।
तीन माह में शत प्रतिशत परिवार जोड़ेंगे : दुष्यंत
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस योजना से नागरिकों का डाटा बेस मिलेगा, उसी के साथ ही प्रदेश व राज्य सरकार योजनाओं का लाभ भी मिलना सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा 6 माह के कम समय में लगभग आधे ज्यादा परिवारों को जोड़ने का कार्य किया है। आगामी तीन माह में शत प्रतिशत जोड़ने का कार्य किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव वी उमाशंकर, उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा, पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह, पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा, अतिरिक्त उपायुक्त मनिता मलिक के अलावा विभिन्न विभागों व जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें