माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-12 साइबर थाने में ठगी के दो मामले दर्ज हुए हैं। 10.50 लाख रुपये की साइबर ठगी ट्रेडिंग के नाम और 1.05 लाख रुपये की साइबर ठगी क्रेडिट कार्ड से हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-12 निवासी एवं सेवानिवृत्त आर्मी अधिकारी मोहन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 दिसंबर 2023 को उन्हें एक व्यक्ति ने एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा और उसमें शेयर ट्रेडिंग के बारे में लोग जानकारियां शेयर कर रहे थे।
इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता से एक एप्लीकेशन डाउनलोड करवाया और उसमें ट्रेडिंग का अकाउंट खुलवाकर ट्रेडिंग करवाना शुरू किया। शिकायतकर्ता ने आरोपी के कहे मुताबिक ट्रेडिंग के लिए पैसा इन्वेस्ट करना शुरू कर दिया। 50 हजार रुपये से लेकर करीब 5 लाख रुपये शिकायतकर्ता ने ट्रेडिंग के नाम पर खर्चे और करीब एक महीने में 10.50 लाख रुपये ट्रेडिंग के नाम पर कुल खर्च किया। आरोपी द्वारा बताए एप में आरोपी द्वारा खर्च किए गए पैसे और खरीदे गए शेयर व लाभ पूरा डिस्प्ले हो रहा था तो उसे देखकर शिकायतकर्ता को ठगी का कोई अंदाजा नहीं हुआ। फरवरी के पहले हफ्ते में जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी से इन्वेस्ट की गई राशि लाभ सहित निकालने की बात कही, उसके बाद आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप से एक्जिट हो गए और उनका मोबाइल भी बंद हो गया। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने साइबर ठगी की शिकायत पुलिस में दी।
बिना ओटीपी के क्रेडिट कार्ड से निकाला 1.05 लाख रुपये
सेक्टर 8 निवासी अनुज भाटिया के साथ बिना ओटीपी बताए ही 1.05 लाख रुपये की ठगी हुई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर 12 साइबर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 जून 2024 की सुबह करीब 6 बजे उनके मोबाइल पर 1.05 लाख रुपए क्रेडिट कार्ड से डेबिट होने का मैसेज आया। जिसके तुरंत बाद उन्होंने क्रेडिट कार्ड की स्टेटमेंट चेक की तो पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जोमैटो के माध्यम से उनके कार्ड से 1.05 लाख रुपये बिना ओटीपी के ही निकाल लिए। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में दी।