गूगल पर जॉब प्लेसमेंट एजेंसी के नंबर पर की थी कॉल
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पिंजौर निवासी व्यक्ति को प्राइवेट नौकरी का ऑफर लेटर भेजकर 77 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर एमडीसी स्थित स्टेट साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पिंजौर निवासी ब्रिजेंद्र प्रताप ने दी शिकायत में बताया कि वह बद्दी हिमाचल प्रदेश में एक दवा कंपनी में कार्यरत हैं। 7 मार्च को उन्होंने ऑनलाइन गूगल पर नौकरी के लिए सर्च किया तो जॉब प्लेसमेंट एजेंसी का नंबर मिला। उन्होंने कॉल किया तो किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके कुछ समय बाद उनके व्हाट्सएप नंबर पर कॉल आई। फोन करने वाले ने उन्हें बताया कि वह जॉब कंसलटेंट से बात कर रहा है, अगर आपको जॉब के लिए आवेदन देना है तो इसके लिए आपको रजिस्ट्रेशन फीस 500 रुपये देनी होगी। उन्होंनेे 500 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
1.22 लाख रुपये का जॉब ऑफर दिया गया
उन्होंने जॉब करने के लिए लोकेशन और सैलेरी के बारे में पूछा गया तो 1.22 लाख रुपये की जॉब ऑफर की गई। साथ ही कहा कि सैलेरी का 50 प्रतिशत ऑफर लेटर मिलने के बाद उन्हें देना पड़ेगा। इसके लिए शिकायतकर्ता ने हामी भर दी। 9 मार्च को उन्हें इंटरव्यू के लिए कॉल आई और उनके मेल आईडी पर जॉब ऑफर लेटर भेज दिया गया। इसके बाद उन्हें 50 प्रतिशत पैसे भेजने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता ने कहे अनुसार अलग अलग ट्रांजेेक्शन में कुल 67900 रुपये खाते में भेज दिए। अगले दिन उन्हें जॉब के मेडिकल के लिए 9500 रुपये भेजने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता ने पैसे भेज दिए। उसके बाद दोबारा 9500 रुपये मांगे। इसके बाद उन्हें साइबर फ्रॉड का पता चला तब तक आरोपी उनके साथ 77,400 रुपये की धोखाधड़ी कर चुके थे। इसके तुरंत बाद उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।