चंडीगढ़। नौकरी से निकाले गए 178 एनएचएम कर्मचारी दिवाली के दिन भी जीएमएसएच-16 के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि प्रशासन को हमारी चिंता नहीं है। किसी भी अधिकारी ने हमसे संपर्क करने का प्रयास नहीं किया। स्वास्थ्य सचिव से वार्ता करने के लिए समय मांगा गया, लेकिन वे बैठक में व्यस्त थे। ऐसे में काली दिवाली मनाने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा।
कर्मचारी संघ के कन्वीनर भूपिंदर सिंह गिल जी के आग्रह पर पूर्व घोषित आमरण अनशन को फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है, लेकिन दूसरे दिन भी पांच कर्मचारियों की क्रमिक भूख हड़ताल जारी रही। वहीं, प्रदर्शन के दौरान समस्या समाधान टीम के को संस्थापक क्रांति शुक्ला व ओंकार सिंह, अनिल कुमार ने वहां पहुंचकर कर्मचारियों को समर्थन दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य निदेशक से बात की लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य सचिव से वार्ता करने की बात कही। एनएचएम के कर्मचारी 28 अक्तूबर से हड़ताल कर रहे थे। इस दौरान उनकी हड़ताल को गलत ठहराते हुए स्वास्थ्य सचिव ने कार्य से विरत रहने वाले 178 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इसके बाद भी वे लगातार अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर न्याय की मांग कर रहे हैं।