चंडीगढ़। सेक्टर-38 निवासी एक महिला ने अपने नाम व पिता का नाम किसी दूसरी महिला से मिलने का फायदा उठाकर बैंक खाते से धोखाधड़ी से एक लाख 16 हजार 951 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। धोखाधड़ी का पता चलने पर मामले की शिकायत पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया तो अदालत का दरवाजा खटखटाया गया, जहां अदालत ने सबूतों को देखते हुए रुपये निकालने वाली महिला अनुराधा के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद सेक्टर-39 थाना पुलिस ने उक्त महिला के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-38 स्थित एसबीआई बैंक के मैनेजर अवतार सिंह ने बताया कि बैंक में सेक्टर-38 निवासी अनुराधा नाम की दो महिलाओं ने स्पेशल टर्म डिपॉजिट खाता खुलवा रखा है। दोनों के पिता का नाम एक ही था, लेकिन मकान नंबर अलग-अलग थे। आरोप है कि सेक्टर-38 के मकान नंबर-2837 निवासी अनुराधा बैंक में आई और खुद के स्पेशल टर्म डिपॉजिट खाते की नकली एसटीडीआर ले गई और एक लाख 16 हजार 951 रुपये अपने सेविंग बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में असली मालकिन ने अपने खाते से रुपये गायब देखे तो उन्हें शिकायत दी गई। रिकॉर्ड जांच किया तो दोनों महिलाओं का नाम एक ही पाया। इसके बाद बैंक मैनेजर ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।