चंडीगढ़। शहर में नकली सामान को असली पैकिंग में भरकर बेचने का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। क्राइम ब्रांच ने छापा मारकर रोजाना इस्तेमाल की चीजों का नकली जखीरा पकड़ा है। पुलिस ने नकली च्यवनप्राश, नमक, सर्फ, चायपत्ती व अन्य सामान बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों की पहचान सेक्टर-52 गांव कजहेड़ी के रहने वाले कपिल देव (30) व अशोक कुमार (32) के रूप में हुई है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
स्पीड नेटवर्क कंपनी के डायरेक्टर रमेश दत्त को सूचना मिली कि कजहेड़ी में नकली सामान को टाटा व अन्य उच्च ब्रांड में पैकिंग कर बेचा जा रहा है। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को कजहेड़ी की दो दुकानों में छापा मारकर भारी मात्रा में नकली सामान व ब्रांडेड कंपनियों के पाउच बरामद किए हैं।
दिल्ली से खरीदते थे नकली सामान
आरोपियों ने नकली सामान दिल्ली से खरीदा था। सेक्टर-52 स्थित गणेश करियाना स्टोर के मालिक कपिल देव की फैक्टरी से 765 किलो नकली टाटा नमक, 332 किलो सर्फ एक्सेल, 242.8 किलो टाटा टी ब्रांडेड पैकिंग में मिली है। एमएस आरके इंटरप्राइजेज के मालिक अशोक कुमार की दुकान से 4770 किलो टाटा नमक, 1750 किलो रामदेव नमक, 69.250 किलो टाटा प्रीमियम टी, टाटा टी, टाटा साल्ट, डाबर च्यवनप्राश, सर्फ एक्सेल के खाली पाउच मिले हैं। इसमें नकली सामन को डाल कर ब्रांडेड बना दिया जाता था।