किसान समर्थक पीछे हटने के पक्ष में नहीं हैं। भाजपा नेताओं की ओर से किसान समर्थक महिला के साथ अभद्रता का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस लेकर किसान समर्थकों ने सेक्टर-38 के गुरुद्वारा साहिब शाहपुर में सोमवार शाम को बैठक की। इसमें तय किया गया कि भाजपा नेताओं के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज नहीं करती तो 25 अगस्त को मुल्लांपुर और जीरकपुर बैरियर को जाम किया जाएगा। इस संबंध में किसान समर्थकों ने 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान पार्टी नेताओं ने किसान समर्थक महिला राज कौर गिल के साथ अभद्रता की थी। इसी के विरोध में किसान समर्थक भाजपा नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
नौजवान किसान एकता चंडीगढ़ और बीकेयू चढ़ूनी चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष किरपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे एसएसपी से मिलने का समय मांगा है। यदि उनकी मांगें नहीं मानी जातीं तो दोनों बैरियर को बंद करने के अलावा कोई चारा नहीं है। बैठक में ट्राइसिटी के किसान समर्थक और भारी संख्या में किसान नेता शामिल हुए।
ये शामिल हैं 15 सदस्यीय कमेटी में
बैठक में 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इसमें किरपाल सिंह, गुरप्रीत सिंह, कमलवीर, कंवलजीत सिंह, जसपाल नियामिया, कुलवंत संधू, लखबीर सिंह, गुरजीत सिंह, प्रतीक मान, लखविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, भूपिंदर सिंह, मंजीत सिंह, सुखजीत कौर और जॉली को शामिल किया गया है।