चंडीगढ़ में कार पर पैर रखकर जूते के फीते बांधने से गुस्साए चालक ने युवक को गोली मार दी। गनीमत रही कि गोली उसकी टांग को छूते हुए निकल गई। घायल युवक का नाम सिमरन है। वह अंबाला के संभालकी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसे जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया है। घटना सेक्टर-26 स्थित बारगेन बूज क्लब के बाहर शनिवार देर रात साढ़े 12 बजे की है। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने फरीदकोट निवासी चार युवकों पर केस दर्ज किया है। दो की पहचान हो गई है, हालांकि गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक, सिमरन बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है। वह अपने साथियों के साथ मॉब क्लब में पार्टी करने आया था। 12 बजे क्लब बंद होने के बाद पार्किंग में पहले कार निकालने को लेकर आई-20 में सवार फरीदकोट के युवकों का अल्टो सवार लड़कों से झगड़ा हो गया। काफी देर तक वहां हंगामा होता रहा। अभी बीच बचाव हो ही रहा था कि अपने दोस्तों के साथ सिमरन वहां पहुंच गया। वह आई-20 कार पर पैर रखकर जूते के फीते बांधने लगा तो फरीदकोट निवासी युवक भड़क उठे। उनमें से एक ने पिस्तौल से सिमरन पर दो गोलियां चला दीं, जिनमें से एक उसके घुटने को चोटिल करते हुए निकल गई। गोलियां चलते ही वहां भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सिमरन को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को मौके से 9 एमएम के दो खोल मिले हैं।
नंबर के आधार पर पता चला आरोपियों का
सीसीटीवी के आधार पुलिस ने गाड़ी का नंबर ट्रेस किया तो वह चंडीगढ़ निवासी युवक के पास पहुंची। उसने बताया कि यह गाड़ी उसने फरीदकोट निवासी नितिन को बेच दी थी। इसके बाद पुलिस ने नितिन के घर पर छापा मारा, लेकिन वह पहले ही फरार हो चुका था।
इतनी चेकिंग के बावजूद कैसे आ गई पिस्टल
शहर में त्योहारों के मद्देनजर पुलिस की सख्ती है। इसके बावजूद आरोपी शहर में पिस्टल लेकर आ गए। यह शहर की सुरक्षा पर बड़ा सवाल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों के पास पिस्टल का लाइसेंस भी नहीं था।