चंडीगढ़। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह 9 सितंबर को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण विभाग पंजाब द्वारा नौजवानों को रोजगार मुहैया करवाने के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कई योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण विभाग के मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी ने बताया कि मुख्यमंत्री की तरफ से जिन स्कीमों की आधारशिला और उद्घाटन किया जाना है, उनमें मुख्य तौर पर सी-पाइट संस्थाओं के स्थायी कैंप स्थापित करने के लिए आधारशिला रखी जाएगी। इस कैंप की स्थापना आसल उताज (अब्दुल हमीद की यादगार के नजदीक, भारत-पाकिस्तान युद्ध वर्ष 1965 ) जिला तरनतारन में की जा रही है। इस संस्था का मुख्य उद्देश्य पंजाब के शिक्षित बेरोजगार युवकों को फौज/अर्ध सैनिक बलों में भर्ती करने के लिए पूर्व चयन प्रशिक्षण देने के अलावा उनकी कुशलता में विस्तार करने के लिए विभिन्न पेशों में तकनीकी प्रशिक्षण देना है। प्रशिक्षण के दौरान युवकों को मुफ्त खाना और रिहायश मुहैया करवाई जाती है।
जिस स्कीम का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना है, उसके अंतर्गत पंजाब के नौजवानों को सरकारी नौकरियों के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इस स्कीम के अधीन पंजाब घर-घर रोजगार और कारोबार मिशन द्वारा ऑनलाइन कोचिंग मुहैया करवाई जाएगी। यह स्कीम एचपीसीएल मित्तल एनर्जी लिमिटेड बठिंडा की तरफ से कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के अंतर्गत दी जा रही एक करोड़ की राशि द्वारा चलाई जाएगी। पाठ्यक्रम की मियाद 4 महीने होगी।
चन्नी ने बताया कि इसके साथ ही ‘मेरा काम, मेरा मान’ स्कीम को साल 2021-22 के दौरान निर्माण कामगारों और उनके बच्चों के लिए लागू किया जाना है।