पंचकूला। विश्वास फाउंडेशन ने माता मनसा देवी मंदिर परिसर में भैरों मंदिर के सामने रविवार को रक्तदान शिविर लगाया। आयोजित शिविर में 81 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में मास्क, सामाजिक दूरी और सैनिटाइजेशन का खास ध्यान रखा गया। यह शिविर अमर उजाला फाउंडेशन, विश्वास फाउंडेशन, श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी डिस्ट्रिक्ट ब्रांच पंचकूला ने मिलकर लगाया। विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि ब्लड बैंक पंचकूला वेलफेयर ट्रस्ट, मनसा देवी कांप्लेक्स सेक्टर-4 पंचकूला की टीम ने डॉक्टर श्रुति सिंगला, एम केयर ब्लड सेंटर जीरकपुर की टीम ने डॉक्टर कार्तिक अग्रवाल की देखरेख में रक्त एकत्रित किया।
उन्होंने बताया कि लोगों में यह भ्रम है कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी आती है। रक्तदान के कारण कोई कमजोरी नहीं आती है। सभी को 90 दिन में एक बार अवश्य ही रक्तदान करना चाहिए। इससे जरूरतमंदों को मदद मिलती है साथ ही शरीर स्वस्थ रहता है। रक्तदान जैसा पुनीत काम सबसे बड़ी सेवा में आता है। शिविर में आए सभी रक्तदानियों को प्रशंसा पत्र, मास्क, साबुन, स्मृति चिन्ह, बैज और गिफ्ट देकर प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर विश्वास फाउंडेशन से अविनाश शर्मा, वर्षा शर्मा, पवन मनचंदा, हर्ष मनचंदा, श्यामसुंदर साहनी, सविता साहनी, प्रदुमन बरेजा, शत्रुघ्न कुमार, नीरज यादव, विशाल कुंवर, चंद्र व अतिथि भी मौजूद रहे।