पंचकूला। आर्मी ऑफिसर बनकर महिला को मकान का एडवांस किराए देने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। क्यूआर कोड स्कैन करवाकर साइबर ठग ने महिला के खाते से 90 हजार रुपये की ठगी कर ली। सेक्टर-5 पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-9 निवासी महिला अपर्णा शर्मा ने आरोप लगाया कि उन्हें सेना का ऑफिसर बनकर प्रवीन जैन नाम से साइबर ठग ने घर को एडवांस किराए पर लेने की बात की। उसने बताया कि वह अजमेर में तैनात है। इसके बाद महिला को साइबर ठग ने क्यूआर कोड से पेमेंट देने की बात कही। साइबर ठग ने महिला को क्यूआर कोड स्कैन करने के लिए कहा। इस पर महिला ने क्यूआर कोड स्कैन कर लिया। इसके बाद महिला के खाते से पैसे कटने का कोई संदेश नहीं आया। 21 जुलाई को महिला ने स्कैन कोड को तीन बार स्कैन किया और महिला के खाते से गूगल पे के माध्यम से 90 हजार रुपये निकल गए। इसके बाद पेमेंट आने को लेकर महिला ने जब अकाउंट बैलेंस चेक किया तो उन्हें पता चला कि उनके एचडीएफसी बैंक अकाउंट से यह पैसे कट गए हैं। पैसे देने वाले व्यक्ति ने अपर्णा शर्मा के अकाउंट से पैसा निकाल लिया। इसकी जानकारी होने के बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच के बाद 39 दिन बाद केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि साइबर सेल का सहारा लेकर व्यक्ति की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।