तेज रफ्तार कार ने शनिवार रात ओल्ड रोपड़ रोड पर दो बाइकों पर सवार सात लोगों को टक्कर मार दी।
पुलिस ने पांच लोगों को मनीमाजरा अस्पताल में भर्ती कराया जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। ये सभी पांच लोग एक ही बाइक पर थे। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार अन्य दो लोगों को बस कुछ खरोंचें आई हैं।
पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर कार कब्जे में ले ली। वहीं एक्सीडेंट की खबर सुनकर सैकड़ों लोग अस्पताल में पहुंच गए और जमकर हंगामा भी किया। इस दौरान लोगों ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी की।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक वेंटो कार बड़ी तेजी से फन रिपब्लिक की तरफ से आई। उसने पहले ओल्ड रोपड़ रोड़ स्थित ढाबे के पास एक बाइक पर जा रहे दो लोगों को टक्कर मारी। हालांकि टक्कर बेहद मामूली थी। बाइक सवारों को मामूली खरोंचें आई लेकिन कार सवार इससे डर गया और उसने बड़ी तेजी से कार भगा ली।
इसका नतीजा यह हुआ कि उसने समाधि गेट के सामने एक अन्य बाइक को टक्कर मार दी। मोरीगेट निवासी मनोज कुमार (35) मोटरसाइकिल चला रहा था जबकि उसके पड़ोस में रहने सलीम (17), सोहेल (14), सलमान (11) और फैजान पीछे बैठे थे। वे सभी शिवालिक गार्डन से सैर कर घर लौट रहे थे। कार की टक्कर से ये पांचों तीन फुट ऊपर उछल कर गिरे।
मनोज की टांग में फ्रैक्चर आया है। उसे सेक्टर-16 अस्पताल में रेफर कर दिया गया। कार चालक की पहचान पंचकूला के सेक्टर-5 के मनसा देवी कांप्लेक्स (एमडीसी) के रहने वाले प्रवेश कुमार के रूप में हुई है।