पंचकूला। अतुल माहेश्वरी ट्रॉफी-2021 की दूसरी एचएसडब्ल्यूसी अंतर विभागीय प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को पंचकूला सिंचाई विभाग ने चंडीगढ़ पुलिस को चार विकेट से हराया। दूसरे मैच में हरियाणा सिविल सचिवालय ने पब्लिक हेल्थ विभाग को हराया।
सेक्टर-3 ताऊ देवी लाल स्टेडियम कांप्लेक्स में पंचकूला सिंचाई विभाग की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए चंडीगढ़ पुलिस की टीम को आमंत्रित किया। पुलिस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 123 रन बनाए। चंडीगढ़ पुलिस की टीम ने 6 विकेट खोकर यह स्कोर बनाया। चंडीगढ़ पुलिस टीम तरफ से बल्लेबाजी कर कपिल पुनिया ने 24 रन की अहम पारी खेली। वहीं सिंचाई विभाग की टीम ने 17 ओवरों में निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया। सिंचाई विभाग की टीम ने चार विकेट शेष रहते जीत दर्ज कर लिया। टीम की तरफ से शानदार बल्लेबाजी करते शुभम ने 34 रन, अमित सजवान ने 22 रन, अजय खोखर ने 21, रवीश प्रताप ने 17, हरिओम ने दो विकेट लेने के साथ 23 रन का अहम योगदान दिया। वहीं दूसरा मैच हरियाणा सिविल सचिवालय और पब्लिक हेल्थ विभाग के बीच खेला गया। इसमें हरियाणा सिविल सचिवालय की टीम ने पहले बैटिंग कर 144 रन का लक्ष्य दिया। वहीं पब्लिक हेल्थ विभाग की टीम 110 रन पर ऑल आउट हो गई। हरियाणा सिविल सचिवालय ने 34 रन से जीत दर्ज की। इस मैच में मैन ऑफ द मैच हनु सिंह को दिया गया।