पंचकूला। कुछ हमलावरों ने गांव बुढ़नपुर स्थित ट्यूबवेल पर काम करने वाले एक व्यक्ति पर तेजधार हथियार से हमला कर उसको गंभीर घायल कर दिया। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, उसका उपचार पीजीआई में चल रहा है। जानकारी के अनुसार इंदिरा कॉलोनी निवासी मुकेश बुढ़नपुर स्थित ट्यूबवेल पर नौकरी करता है। शनिवार रात करीब 8 बजे वह ट्यूबवेल पर मौजूद था। उसी दौरान कुछ लोग हथियार लेकर आए और उस पर एकाएक हमला कर दिया।
हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। लोगों ने घायल मुकेश को मोटरसाइकिल पर बैठाकर सेक्टर छह स्थित सामान अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हमले की सूचना पाकर सेक्टर 16 पुलिस चौकी के इंचार्ज, सेक्टर 14 थाने के एसएचओ व अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। फिलहाल मुकेश पर किस वजह से हमला किया गया इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है । पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है
पार्षद उषा रानी ने बताया कि पुलिस गश्त इंद्रा कॉलोनी और गांव बुढ़नपुर में जीरो है। इस कारण ऐसी वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। इस संबंध में कई बार पुलिस चौकी इंचार्ज को मौखिक रूप से अवगत करा चुकी हूं, कि वार्ड में शरारती तत्व घूमते रहते हैं, लेकिन चौकी इंचार्ज ने कोई ध्यान नहीं दिया।