चंडीगढ़। औढ़ कस्बे के लोगों, जिन्हें अपने सरकारी कामों के लिए तहसील नवांशहर तक आना-जाना पता था, की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजाब कैबिनेट ने औढ़ कस्बे को सब-तहसील का दर्जा देने का फैसला किया है। यह तहसील/सब-डिवीजन नवांशहर का हिस्सा है।
यह फैसला मंगलवार शाम पंजाब भवन में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक के दौरान लिया गया। औढ़ की नई सब-तहसील में 2 कानूनगो सर्कल, 18 पटवार सर्कल और 41 गांव शामिल होंगे, जो कुल 11,171 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैले होंगे। इसके अलावा नई बनी सब-तहसील के लिए नायब-तहसीलदार का एक पद, क्लर्क और चपरासी के 3-3 पदों के अलावा चपरासी-कम-माली के एक पद समेत जरूरी स्टाफ को भी मंजूरी दे दी गई है।
पंजाब कोऑपरेटिव ऑडिट (ग्रुप-बी) सर्विस रूल्ज, 2016 में संशोधन को मंजूरी
मुलाजिमों के हितों और सहकारिता विभाग के कामकाज में कुशलता लाने के लिए कैबिनेट ने पंजाब कोऑपरेटिव ऑडिट (ग्रुप-बी) सर्विस रूल्ज, 2016 में संशोधन को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि विभाग के पुनर्गठन के कारण उपबंधों में किए गए संशोधन से ऑडिट अफसर, सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-2, सीनियर ऑडिटर, इंस्पेक्टर ऑडिट और सीनियर सहायक के पदों के लिए सीधे/प्रमोशनल मौके प्रदान होंगे।
उल्लेखनीय है कि ऑफिसर्स कमेटी की मंजूरी के बाद 30 दिसंबर, 2020 को हुई कैबिनेट की मीटिंग में विभाग का पुनर्गठन किया गया था। इसमें इंस्पेक्टरों के पद 774 से घटाकर 654, सीनियर ऑडिटरों के पद 32 से बढ़ाकर 107 कर दिए गए थे। इसी तरह पंजाब सरकार द्वारा 29 अप्रैल, 2021 को जारी आदेशों को मंजूरी के बाद ऑडिट अफसर के पद 22 से बढ़ाकर 24 और सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-2 के पद 16 से बढ़ाकर 22 और सीनियर सहायक के पद 24 से बढ़ाकर 34 कर दिए गए हैं।