पंचकूला। सीएम मनोहर लाल ने वेस्टवुड फर्नीचर फैक्टरी की आग में मारे गए तीन मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायल एक व्यक्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। यह जानकारी हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने दी है। गुप्ता ने बताया कि मृतकों में 21 वर्षीय उपदेश, 32 वर्षीय सोनाली और 45 वर्षीय ममता शामिल हैं, जबकि 32 वर्षीय जसवंत उपचाराधीन है।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने वेस्टवुड फर्नीचर फैक्टरी में लगी आग से हुए नुकसान का जायजा लिया था। उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने घटना की न्यायिक जांच एसडीएम पंचकूला को सौंपी है। वे इसकी रिपोर्ट दो सप्ताह में देंगे। वहीं गुप्ता ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया था और डिस्ट्रिक्ट फायर ऑफिसर तरसेम को निर्देश दिए थे, कि औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में यदि हाइड्रेंट की व्यवस्था है तो उसकी जांच की जाए कि वह चालू स्थिति में है या नहीं और यदि वहां हाइड्रेंट की व्यवस्था नहीं है तो इसका एक प्रस्ताव शीघ्र बनाकर भिजवाया जाए ताकि इसकी व्यवस्था की जा सके।