पंचकूूला। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में शुक्रवार को जींद में काफी हंगामा हुआ। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जींद डिपो को बंद कर दिया। इसी कारण पंचकूला और कालका डिपो की बसों को जींद बाईपास से निकाला गया। दोनों डिपो से छह बसों का आवागमन होता है। यात्रियों की सुरक्षा को देखकर पंचकूला डिपो के अधिकारियों ने बसों को जींद के बाईपास से निकाला। इसके बाद डिपो की बसें सुरक्षित पंचकूला पहुंच गईं।
पंचकूला डिपो से एक बस भिवानी जाती है। एक वहां से पंचकूला आती है। ऐसे ही हांसी के लिए भी एक बस जाती है, और एक वहां से पंचकूला पहुंचती है। इसके अलावा कालका की एक बस जींद जाती है, और एक जींद से आती है। इन सभी बसों को जींद से होकर गुजरना पड़ता है। सभी बसों का जींद बस स्टैंड पर ठहराव भी है। कालका डिपो की दोनों बसों के समय में बदलाव कर उन्हें चलाया गया वहीं बाकी बसों को जींद बाईपास से भेजा गया।
निदेशालय ने जारी की एडवाइजरी
परिवहन निदेशालय ने प्रदेश के सभी डिपो के जीएम को एडवाइजरी जारी की है। इसमें साफ कहा गया है कि अगर कहीं भी आगजनी या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना मिलती है, तो उस रूट पर चल रही बसों को चालक और परिचालक सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दें।
जींद के यात्रियों को हुई परेशानी
जींद में हंगामे के कारण पंचकूला डिपो की बसों में सवार जींद के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्हें शहर के बाहर बाईपास पर ही उतरना पड़ा। हंगामे के चलते उन्हें वहां भी आगे जाने के लिए वाहन नहीं मिला और गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी उठानी पड़ी।
भिवानी और हांसी जाने वाली बसों को जींद से बाईपास निकाला गया है। पंचकूला डिपो की सभी बसें और उनके यात्री सुरक्षित हैं।
- रविंदर पाठक, जीएम, पंचकूला डिपो, हरियाणा रोडवेज