पंचकूला। नगर निगम के नोटिस देने के बाद भी बकाया करोड़ों रुपये की राशि जमा नहीं करवाने पर पंचकूला के वीवीआईपी सेक्टर-6 की मोबाइल लाइन की तारें काट दी गई हैं। तारें कटते ही सेक्टर वासियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों और मेयर के मोबाइल फोन की घंटियां बजनी शुरू हो गईं। मोबाइल लाइन जोड़ने के लिए दबाव बनाए जाने लगा। देर रात कुछ कंपनियों ने अपने कारिंदे भेजकर कुछ लाइनें दोबारा से बिना राशि जमा करवाए ही जुड़वा ली। इन पर केस दर्ज करवाए जाने की तैयारी भी शुरू हो गई है।
बताया जा रहा है कि किसी बड़े नेता की शह पर ही यह तारें दोबारा से कंपनी के करिंदों द्वारा जोड़ी गई हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर कोई भी कुछ बोलने से बच रहा है, लेकिन नगर निगम आयुक्त धर्मवीर सिंह ने कहा है कि जब तक बकाया राशि जमा नहीं करवाई जाती, तब तक किसी कंपनी का कनेक्शन नहीं जोड़ा जाएगा। बता दें कि 9 फरवरी को नगर निगम आयुक्त की तरफ से विभिन्न कंपनियों को नोटिस जारी करके 15 दिन के अंदर बकाया राशि जमा करवाने के निर्देश दिए गए थे। हरियाणा म्युनिसिपल कारपोरेशन कम्युनिकेशन एंड कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर बायलज 2013 के तहत इन कंपनियों को नोटिस दिए गए थे।
जानकारी के अनुसार स्पीडिगो फाइबर ब्रॉडबैंड सर्विस को सेक्टर 5, 7, पीस कनेक्ट चंडीगढ़ को सेक्टर 12 और 12ए, कनेक्ट ब्रॉडबैंड चंडीगढ़ को सेक्टर 4, 6, 21, मैसर्ज टेलिसोनिक नेटवर्क लिमिटेड को सेक्टर 15, फॉक्सटेल इंटरनेट को सेक्टर 5 मनसा देवी कांप्लेक्स, सेक्टर 6 मनसा देवी कांप्लेक्स, सेक्टर 6, 7, 8, वन फाइबर इंटरनेट को सेक्टर 4, 7, 20, 21 और मनसा देवी कांप्लेक्स सेक्टर 5, इस्टो ब्रॉडबैंड को सेक्टर 4, 6, 7, 20, 21, जिओ डिजिटल फाइबर प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर 2 में मोबाइल लाइंस बिछाने पर नोटिस दिए गए हैं। रिलायंस जिओ इन्फोकॉम को 2 फरवरी 2022 को नोटिस दिया गया था, जिसमें उन्हें 7 टावरों की अनुमति के बारे में पैसे जमा करवाने को कहा गया था। संयुक्त आयुक्त की ओर से जारी नोटिस में बकाया फीस जमा करवाने के लिए डिमांड नोटिस भी दिया गया था, लेकिन टावरों के संबंध में कोई बकाया राशि जमा नहीं करवाई गई थी।