पंचकूला। श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट व महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी ने अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से माता मनसा देवी मंदिर परिसर में नवरात्र के 9 दिन और विजयदशमी तक रक्तदान जागरूकता शिविर लगाए। इसमें 778 यूनिट रक्त एकत्रित किया। वहीं, 160 लोगों का किन्हीं कारणों से डॉक्टरों ने रक्तदान से मना कर दिया। इस दौरान श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने भी सहयोग किया।
अंतिम दिन शिविर का उद्घाटन हरियाणा स्टेट रेडक्रॉस सोसायटी के ज्वाइंट सेक्रेटरी अनिल जोशी ने किया और उन्होंने स्वयं भी 77वीं बार रक्तदान किया। श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट प्रधान राकेश कुमार संगर ने बताया कि उनकी संस्था माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से माता मनसा देवी मंदिर परिसर में 6 साल से रक्तदान शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को रक्तदान करने के लिए जागरूक कर रही है।
ब्लड बैंक पीजीआई की टीम द्वारा रक्त एकत्रित किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संघ के प्रधान राकेश संगर को सम्मानित भी किया और उनके कामों की सराहना की। इस अवसर पर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के दीपक शर्मा, लक्ष्मण सिंह रावत, राजेंद्र कौशल, गुलशन कुमार, मुकेश बंसल, दिव्या गुप्ता, सतगुरु, शारदा गौतम उपस्थित रहे। रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, स्मृति चिन्ह एवं बेज देकर प्रोत्साहित किया।