दंपती के बैंक खाते से निकले 6.79 लाख रुपये
दो महीने से नहीं आ रहे थे एसएमएस, स्टेटमेंट निकलवाई तो ठगी का लगा पता
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-15 निवासी एक दंपती के बैंक खाते से शातिर ने 6.79 लाख रुपये निकाल लिए हैं। दंपती की शिकायत पर सेक्टर-14 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
शिकायतकर्ता सेक्टर-15 निवासी अमरजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका व उनकी पत्नी का खाता सेक्टर-15 के ही सरकारी बैंक में है। बैंक खातों से उनका मोबाइल नंबर लिंक है। इस कारण जब कभी भी वे ट्रांजेक्शन करते तो बैंक से उनके मोबाइल पर एसएमएस आ जाता था। वहीं करीब दो महीने से कोई एसएमएस नहीं आ रहा था।
शक होने पर दंपती ने अपने बैंक खातों की स्टेटमेंट निकलवाई तो उसे देख उनके होश उड़ गए। दोनों बैंक खातों से कुल 6.79 लाख रुपये गायब होने का पता लगा। अमरजीत सिंह के बैंक खाते से करीब 2.14 लाख रुपये और उनकी पत्नी के बैंक खाते से 4.65 लाख रुपये निकाले जाने का पता लगा। फिलहाल पुलिस इस जांच में जुटी है कि बैंक खाते से रकम कैसे निकाली गई।