चंडीगढ़। पंजाब सरकार वर्ष 2022-23 के दौरान नाबार्ड स्कीम के अंतर्गत 315 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़क प्रोजेक्टों की शुरुआत करेगी। इस स्कीम के अंतर्गत राज्य में नई सड़कें और नए पुलों का निर्माण किया जाएगा, जिससे राज्य के सड़क नेटवर्क में सुधार होगा।
पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने वीरवार को प्रमुख सचिव (लोक निर्माण) अनुराग वर्मा, सचिव (लोक निर्माण) मालविंदर सिंह जग्गी और लोक निर्माण विभाग के मुख्य इंजीनियर अरुण कुमार और दूसरे सीनियर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद कहा कि इस स्कीम के अधीन चालू साल के दौरान किए जाने वाले विभिन्न कामों के लिए टेंडर मंगाकर निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किए जाएंगे। लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि विभाग के अधीन मरम्मत करने योग्य 2217 किमी लंबाई की लिंक सड़कें, जिनकी आखिरी बार मरम्मत 31 मार्च, 2016 या इससे पहले हुई थी और बाद की किसी स्कीम के अधीन स्वीकृत नहीं हुईं, को चालू साल में 361 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के साथ रिपेयर करने का प्रस्ताव विचाराधीन है। लिंक सड़कों की नोडल एजेंसी पंजाब मंडी बोर्ड से प्रशासकीय मंजूरी प्राप्त होने के बाद इन सड़कों की मरम्मत जल्द ही शुरू की जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 31 मार्च, 2022 तक 4644.26 किमी लंबी सड़कों पर 574 करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत का काम पूरा किया जा चुका है।