चंडीगढ़। हरियाणा के 1548 शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों को एलटीसी के लिए इंतजार करना पड़ेगा। 822 कर्मचारियों के आवेदन वित्त महकमे और 627 के एनआईसी ने नामंजूर कर दिए हैं। अब इनको दोबारा से आवेदन करना होगा।
शिक्षा निदेशालय ने सभी 22 जिला शिक्षा अधिकारियों से प्राप्त कुल 9740 कर्मचारियों की 2016-19 की बकाया एलटीसी की सूचना 26 नवंबर 2021 को वित्त विभाग को भेजी थी। विभाग ने 822 कर्मचारियों के आवेदन मांगी गई सूचना अनुसार न होने पर अस्वीकृत कर दिए। 8918 कर्मचारियों की सूची स्वीकृत करते हुए वित्त महकमे ने पे-कोड खोलने के लिए एनआईसी को भेजी थी। एनआईसी के सॉफ्टवेयर ने 627 कर्मचारियों का पे-कोड सही न होने के कारण आवेदन नामंजूर कर दिया।
अब स्कूल शिक्षा विभाग को इन शिक्षकों, कर्मचारियों के आवेदन दोबारा से वित्त महकमे को भेजने होंगे। हरियाणा स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन के राज्य प्रधान सतपाल सिंधु ने कहा कि 31 मार्च के बाद फिर से 822 कर्मियों की सूचना जिला शिक्षा अधिकारियों से सही विवरण के साथ मांगी जाएगी। पे-कोड गलत बताने वाले 627 कर्मचारियों की सूचना एनआईसी में ठीक करवाने के लिए प्रयास जारी हैं। उन्होंने शिक्षकों व कर्मचारियों से अपील की है कि वे जल्दी अपना नाम, जिला, गलत पे-कोड व सही पे-कोड की जानकारी भेजें ताकि एनआईसी में गलती ठीक करवाकर पे-कोड खुलवाया जा सके। इससे उन्हें एलटीसी अन्य कर्मचारियों के साथ ही मिल जाएगी।