टेंपो की टक्कर से घायल मासूम ने दम तोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। किल्लियांवाली रोड पर रविवार शाम छोटा हाथी के चालक ने साइकिल सवार बच्चे को टक्कर मार दी। उसे घायल अवस्था में सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसके बाद उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इधर पुलिस ने छोटा हाथी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में श्रीगंगानगर रोड स्थित शिव शाक्य नगर निवासी अनिल कुमार पुत्र राम बाबू ने बताया कि रविवार को उनका चचेरा भाई अंकित (12) पुत्र शाम बाबू उनसे मिलने के बाद साइकिल से घर जा रहा था। जब वह किल्लियांवाली रोड पर सचखंड स्कूल के पास पहुंचा तो शाम देवी फैक्ट्री में रहने वाले पवन कुमार ने छोटे हाथी से उन्हें टक्कर मार दी। इससे अंकित बुरी तरह से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां से फरीदकोट ले जाते समय उसकी मौत हो गई। सिटी-1 पुलिस ने अनिल कुमार के बयान पर पवन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला मैनपुरी, तहसील बेबर के गांव दुल्लामऊ निवासी अंकित तीन बहनों का अकेला भाई था। उसके पिता किसी फैक्ट्री में नौकरी करते हैं।